जयपुर ‘घूसखोर पंडत’ विवाद: ब्राह्मण समाज ने दर्ज की FIR

जयपुर: मनोज बाजपेयी की नई वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। ब्राह्मण समाज और धरोहर बचाओ समिति ने सीरीज के नाम पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कोतवाली थाने में निर्माता नीरज पांडे और अभिनेताओं के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया।

ये भी पढ़े :- कश्मीरी पंडित विस्थापन: 36 साल बाद भी न्याय और घर वापसी का इंतज़ार

क्या है आपत्ति?
समिति के संयोजक भरत शर्मा का कहना है कि ‘पंडित’ जैसे सम्मानजनक शब्द को ‘घूसखोर’ से जोड़ना गलत है। इससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज को बदनाम किया जा रहा है। परिवाद में धार्मिक भावनाओं को ठेस, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अपमान के आरोप लगाए गए हैं।

किनके खिलाफ केस?
परिवाद में मनोज बाजपेयी, नीरज पांडे के अलावा नुसरत भरूचा, श्रद्धा दास, दिव्या दत्ता, अक्षय ओबेरॉय, किकू शारदा, प्रियंका बजाज, साकिब सलीम और लेखक रितेश शाह का नाम है। थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि परिवाद मिला है। जांच के बाद FIR दर्ज होगी। उत्तर प्रदेश में इसी मामले पर पहले ही FIR हो चुकी है।

नाम बदलने की मांग
इन्फ्लुएंसर रिद्धिमा शर्मा ने भी नाम बदलने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समाज की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल जिम्मेदारी से होना चाहिए।